सिलीगुड़ी, 14 नवंबर (नि.सं.)। रसगुल्ला दिवस के अवसर पर सिलीगुड़ी स्वीट्स शॉप ओनर्स एसोसिएशन की ओर से सेवक मोड़ पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान राहगीरों के बीच 20 हजार से अधिक रसगुल्लों का वितरण किया गया। बंगाल की इस पारंपरिक मिठाई की पहचान और लोकप्रियता को और बढ़ावा देने के उद्देश्य से इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस विशेष अवसर पर राज्य के पर्यटन मंत्री शंकर घोष भी मौजूद रहे। उन्होंने अपने हाथों से राहगीरों को रसगुल्ले बांटे और खुद भी इस मिठाई का स्वाद चखा। मंत्री ने कहा कि रसगुल्ला उनकी पसंदीदा मिठाइयों में से एक है। उन्होंने बंगाल की इस पारंपरिक मिठाई को लेकर आयोजित पहल की सराहना भी की।
इस दौरान पर्यटन मंत्री ने बंगाल की मिठाइयों को पर्यटन से जोड़ने की योजना की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में राज्य के विभिन्न पर्यटन स्थलों पर बंगाल के रसगुल्ले को विशेष रूप से प्रमोट करने की योजना है। पर्यटन केंद्रों और हब में रसगुल्ले के साथ-साथ बंगाल के अन्य पारंपरिक खाद्य पदार्थों को भी बढ़ावा दिया जाएगा। इसके लिए पर्यटन विभाग की ओर से आवश्यक व्यवस्था की जाएगी।
वहीं, सिलीगुड़ी स्वीट्स शॉप ओनर्स एसोसिएशन के संयुक्त सचिव विजय धर ने बताया कि बंगाल के रसगुल्ले को मिले जीआई टैग की याद में रसगुल्ला दिवस मनाने की पहल की गई है। इसका मुख्य उद्देश्य बंगाल की मिठाई की परंपरा, विरासत और गौरव को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना है।





