सिलीगुड़ी, 14 नवंबर (नि.सं.)। हार्ट अटैक से सिलीगुड़ी मेट्रोपॉलिटन पुलिस के माटीगाड़ा थाने में तैनात सिविक वालंटियर पुष्कर तमांग (36) का निधन हो गया है। उनके असामयिक निधन से सिलीगुड़ी पुलिस कमिश्नरेट में शोक का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, बीते दिन ड्यूटी के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद उन्हें मेडिकल इलाके स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालांकि, इलाज के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
वहीं, आज माटीगाड़ा थाने में दिवंगत पुष्कर तमांग को अंतिम विदाई दी गई। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और उनके सहकर्मियों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। एक सहकर्मी के अचानक निधन से पुलिस महकमे में शोक की लहर है।




