सिलीगुड़ी, 17 नवंबर (नि.सं.)। सिलीगुड़ी के तीनबत्ती मोड़ पर दूसरे राज्य से आए चावल लदे ट्रक को रोककर चालक के साथ मारपीट और रंगदारी मांगने के आरोप में गिरफ्तार दो आरोपियों को मंगलवार को न्यू जलपाईगुड़ी थाने की पुलिस ने जलपाईगुड़ी अदालत में पेश किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अभिजीत सिंह और सुरजीत सिंह के रूप में हुई है। दोनों माटीगाड़ा के पतिरामजोत इलाके के निवासी हैं। दोनों आपस में भाई बताए जा रहे हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस मामले में कुल तीन लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है। हालांकि, घटना का मुख्य आरोपी अब भी फरार है। पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
गौरतलब है कि रविवार रात सिलीगुड़ी के तीनबत्ती मोड़ इलाके में दूसरे राज्य से आए चावल लदे एक ट्रक को रोककर रंगदारी के उद्देश्य से चालक के साथ मारपीट करने का आरोप लगा था। इस घटना में सिलीगुड़ी नगर निगम के 33 नंबर वार्ड के भाजपा को-ऑर्डिनेटर सुजय विश्वास के भाई संजय विश्वास और उसके साथियों के खिलाफ आरोप लगाए गए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही रविवार रात न्यू जलपाईगुड़ी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ट्रक, चालक और एक चारपहिया वाहन को थाने ले गई। इसके बाद मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
इस घटना को लेकर सिलीगुड़ी के राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा तेज हो गई है। मामले पर विधायक शिखा चटर्जी ने अपना पक्ष रखते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं, राजनीतिक हलकों के एक वर्ग का कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जानी चाहिए। फिलहाल न्यू जलपाईगुड़ी थाना पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। फरार मुख्य आरोपी की तलाश जारी है।




