सिलीगुड़ी, 19 नवंबर(नि.सं.)। घर में अकेली नाबालिग को पाकर उसके साथ छेड़छाड़ की कोशिश करने का आरोप पड़ोस के एक युवक पर लगा है। घटना को लेकर सिलीगुड़ी के आशीघर चौकी अंतर्गत इलाके में सनसनी फैल गई है। परिवार की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। गुरुवार को उसे जलपाईगुड़ी अदालत में पेश किया गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटना के दिन आरोपी युवक इलाके की सड़क से गुजर रहा था। इसी दौरान उसने देखा कि नाबालिग घर में अकेली है। आरोप है कि इसका फायदा उठाकर वह घर में घुस गया और नाबालिग के साथ छेड़छाड़ करने की कोशिश की।
हालांकि, आरोपी की हरकतों को भांपते हुए नाबालिग ने शोर मचाना शुरू कर दिया। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। बाद में नाबालिग ने घरवालों को पूरी घटना की जानकारी दी।
इसके बाद परिवार की ओर से आशीघर चौकी में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपी की तलाश में जुट गई। बुधवार रात पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। गुरुवार को उसे जलपाईगुड़ी अदालत में पेश किया गया है।




