सिलीगुड़ी, 7 अप्रैल (नि.सं.)। सिलीगुड़ी के हिलकार्ट रोड पर एक व्यवसायी के साथ मारपीट की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। जानकारी के अनुसार, सोमवार को हिलकार्ट रोड पर पार्किंग को लेकर एक व्यवसायी और पार्किंग में काम करने वाले एक युवक के बीच कहासुनी हो गई थी, जो कुछ समय बाद शांत हो गई। आरोप है कि रात के समय कुछ युवक उस व्यवसायी की दुकान पर पहुंचे और उसकी बेरहमी से पिटाई की। इतना ही नहीं, दुकान बंद करने और जान से मारने की धमकी भी दी गई। गंभीर रूप से घायल व्यवसायी को तुरंत सिलीगुड़ी जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मंगलवार को इस घटना को लेकर सिलीगुड़ी थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है।
स्थानीय व्यवसायियों का कहना है कि यदि इस तरह खुलेआम हमले होते रहे तो वे बड़े आंदोलन के लिए मजबूर होंगे। उनका आरोप है कि इलाके में नियमित पुलिस गश्त नहीं होती, जिससे वे असुरक्षित महसूस कर रहे है। व्यवसायियों ने दोषियों की पहचान कर कड़ी सजा देने की मांग की है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज जुटाकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
