सिलीगुड़ी, 16 सितंबर (नि.सं.)। घर खाली होने का फायदा उठाकर ताला तोड़कर सोने के आभूषण और नकदी चोरी करने के आरोप में सिलीगुड़ी थाने की पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आकाश साहा और विजय कुमार दास के रूप में हुई है। दोनों सिलीगुड़ी के रवींद्रनगर इलाके के निवासी हैं।
जानकारी के अनुसार, सिलीगुड़ी के अरविंदपल्ली निवासी कल्पना साहा 7 सितंबर को शहर से बाहर गई थी। 10 सितंबर को घर लौटने पर उन्होंने देखा कि घर के दरवाजे का ताला टूटा हुआ है। अंदर जाने पर अलमारी भी टूटी मिली। इसके बाद उन्हें चोरी की जानकारी हुई।
कल्पना साहा ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि उनके घर से करीब 25 ग्राम सोने के आभूषण और 20 हजार रुपये नकद चोरी किए गए हैं। शिकायत के आधार पर सिलीगुड़ी थाने की पुलिस ने जांच शुरू की और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों को बुधवार को सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया गया है।





