नक्सलबाड़ी, 31 दिसंबर (नि.सं.)। ‘आमादेर पाड़ा, आमादेर समाधान’ कैंप में श्मशान घाट के निर्माण के लिए अगस्त महीने में आवेदन किया गया था। आवेदन के बाद दिसंबर के आखिरी दिन आखिरकार काम शुरू हो गया। आजादी के बाद पहली बार नक्सलबाड़ी के हाथीघिसा ग्राम पंचायत के बीरसिंह ग्राम को श्मशान घाट की सुविधा मिल रही है।
इस दिन ‘आमादेर पाड़ा, आमादेर समाधान’ परियोजना के तहत श्मशान घाट निर्माण कार्य का शिलान्यास नक्सलबाड़ी पंचायत समिति के अध्यक्ष आनंद घोष ने किया। श्मशान घाट का काम शुरू होने से बीरसिंह जोत के साथ-साथ केटुगाबुर जोत, भेल्टा जोत समेत कुल छह गांवों की समस्या का समाधान होगा। काम शुरू होने से स्थानीय लोग बेहद खुश हैं।
नक्सलबाड़ी पंचायत समिति के अध्यक्ष आनंद घोष ने बताया कि ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही मांग को ध्यान में रखते हुए आज से श्मशान घाट का निर्माण कार्य शुरू किया गया है। इस परियोजना के माध्यम से ग्रामीण अपनी समस्याओं का समाधान खुद कर रहे है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा प्रत्येक बूथ के विकास के लिए इस परियोजना के तहत दस लाख रुपये की राशि प्रदान की गई है।
