सिलीगुड़ी, 3 नवंबर (नि.सं.)। सिलीगुड़ी मेट्रोपॉलिटन पुलिस की डिटेक्टिव डिपार्टमेंट (डीडी) ने देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित कोडीन कफ सिरप की 4,000 बोतलें और 72 हजार नशीली टैबलेट बरामद की हैं। इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने यह कार्रवाई भक्तिनगर थाना अंतर्गत वार्ड नंबर 42 के चयनपाड़ा स्थित एक अपार्टमेंट में छापेमारी कर की है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान समीरन विश्वास (41), संजय मंडल (54) और संजीत सिंह (40) के रूप में हुई है। समीरन विश्वास और संजय मंडल सिलीगुड़ी के सूर्यनगर, डाबग्राम-1 के निवासी हैं, जबकि संजीत सिंह बिहार के छपरा जिले का रहने वाला बताया गया है।
डीडी की छापेमारी के दौरान 25 पेपर कार्टून में रखी कोडीन युक्त प्रतिबंधित कफ सिरप की कुल 4,000 बोतलें और 72,000 नशीली टैबलेट बरामद की गई। जब्त नशीले पदार्थों का बाजार मूल्य लाखों रुपये आंका गया है।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। उन्हें आगे की पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड की मांग के साथ मंगलवार को अदालत में पेश किया जाएगा।





