सिलीगुड़ी, 4 फरवरी (नि.सं.)। दादागिरी टैक्स न देने पर चालक के साथ मारपीट एवं वाहन में तोड़फोड़ करने के आरोप में 2 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। यह घटना सिलीगुड़ी के प्रधाननगर थाना अंतर्गत देवीडांगा इलाके की है। जानकारी के अनुसार देवीडांगा इलाके में पिछले कुछ समय से दादागिरी टैक्स के नाम पर कई चालकों को परेशान किया जा रहा था। वहीं, इसका विरोध करने पर वाहनों में तोड़फोड़ करने के साथ ही चालकों को मारा-पीटा जाता था। इधर, आज तड़के एक बार फिर वाहनों को रोककर दादागिरी टैक्स उठाया जा रहा था। लेकिन तभी एक चालक ने दादागिरी टैक्स देने से मना कर दिया। जिसके चलते चालक की पिटाई करने के साथ ही उसके वाहन में तोड़फोड़ कर दी गई। घटना के बाद चालक ने प्रधान नगर थाना में शिकायत दर्ज की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू करते हुए इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के नाम जितेन प्रसाद और शेखर झा है। पुलिस सूत्र के अनुसार जितेन प्रसाद इससे पहले भी कई बार मारपीट व अन्य आपराधिक मामलों में गिरफ्तार हो चुका है। फिलहाल, आज दोनों आरोपियों को सिलीगुड़ी कोर्ट में पेश किया गया है। पुलिस आगे की जांच कर रही है।
उत्तर बंगाल, समाचार, सिलीगुड़ी
दादागिरी टैक्स न देने पर चालक के साथ मारपीट एवं वाहन में तोड़फोड़, 2 गिरफ्तार
05
Feb
Feb