दामाद ने किया ससुर का कत्ल, इलाके में मचा हड़कंप

राजगंज, 3 जून (नि.सं)। दामाद ने पारिवारिक विवाद के चलते अपने ससुर की धारदार हथियार से हत्या कर दी। यह सनसनीखेज घटना राजगंज ब्लॉक के बेलाकोवा के चिल्कापाड़ा में घटी है। मृतक का नाम मृगेन राय है। आरोपी दामाद का नाम बिपुल राय है।


पारिवारिक सूत्रों के अनुसार पड़ोसी मालिभिटा के स्वपन राय का बेटा बिपुल राय ने राजगंज ब्लॉक के शिकारपुर ग्राम पंचायत के चिल्कापाड़ा के मृगेन राय की बेटी सौरवी राय से विवाह किया था। विवाह के कुछ दिनों बाद ही दंपती के बीच पारिवारिक विवाद होने लगा। उनका सात माह का एक बच्चा भी है। पारिवारिक विवाद के चलते सौरवी डेढ़ महीने पहले अपने पिता के घर चली गई थी। सोमवार की रात करीब 10 बजे बिपुल बच्चे को लाने के लिए ससुराल गया था। वहीं पर झगड़ा शुरू हुआ।

आरोप है कि उसी समय दामाद ने धारदार हथियार से अपने ससुर की हत्या कर दी। घटना के बाद पड़ोसियों ने आरोपी को पकड़कर जमकर सामूहिक पिटाई की। सूचना मिलने के बाद बेलाकोवा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और बिपुल को बरामद कर अस्पताल ले गई।


मृतक की पत्नी अनिमा राय ने कहा कि करीब एक साल पहले मेरी बेटी ने बिपुल से प्रेम विवाह किया था। इसके बाद हमने सामाजिक रीति-रिवाज से दोनों की शादी दी। लेकिन शादी के बाद दामाद बेटी पर अत्याचार करने लगा। लेकिन मैं सोच भी नहीं सकती थी कि दामाद आकर मेरे पति को मार देगा। अनिमा राय ने दामाद को फांसी देने मांग की है। आरोपी की पत्नी सौरवी राय ने भी फांसी की सजा की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *