भव्य शोभायात्रा के साथ शुरू हुआ सिलीगुड़ी विवेकानंद विद्यालय का हीरक जयंती वर्ष उत्सव

सिलीगुड़ी, 11 मार्च (नि.सं)। सिलीगुड़ी विवेकानंद विद्यालय के हीरक जयंती वर्ष का शुभारंभ बुधवार को एक भव्य और रंगारंग शोभायात्रा के साथ हुआ। यह शोभायात्रा विद्यालय परिसर से शुरू हुई और शहर के विभिन्न मार्गों का परिक्रमा करते हुए पुनः विद्यालय परिसर में लौटकर समाप्त हुई।
इस अवसर पर शोभायात्रा में मेयर गौतम देव, डिप्टी मेयर रंजन सरकार, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, वर्तमान और पूर्व छात्र-छात्राएं तथा अभिभावक बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
शोभायात्रा में विभिन्न आकर्षक झांकियों के माध्यम से समाज के कई महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रस्तुत किया गया। इनमें सती प्रथा उन्मूलन, बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता, महिला शिक्षा का महत्व और योग के प्रति जागरूकता जैसे विषयों को प्रमुखता से दिखाया गया।
इस संबंध में विद्यालय के कार्यवाहक प्रधानाध्यापक महितोष दास ने बताया कि फरवरी महीने में उच्च माध्यमिक परीक्षाएं होने के कारण उस समय कार्यक्रम आयोजित करना संभव नहीं था। इसलिए आज शोभायात्रा के माध्यम से हीरक जयंती वर्ष के कार्यक्रमों की शुरुआत की गई।
उन्होंने आगे बताया कि पूरे वर्ष भर सामाजिक और शैक्षणिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। हर महीने एक विशेष कार्यक्रम होगा और अगले वर्ष फरवरी में दो दिवसीय विशेष समारोह के साथ इस उत्सव का समापन किया जाएगा।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *