सिलीगुड़ी,15 फरवरी (नि.सं)। डाबग्राम-फूलबाड़ी विधानसभा के पोराझाड़ इलाके में तृणमूल कांग्रेस के दो गुटों के बीच विवाद के बाद इलाके में तनाव फैल गया। तृणमूल के एक पंचायत सदस्य और उनके समर्थकों पर पार्टी के ही एक कार्यकर्ता की दुकान में आग लगाने का आरोप लगा है। जानकारी के मुताबिक, इलाके में बालू-पत्थर गिराने को लेकर विवाद शुरू हुआ। शनिवार रात दोनों गुटों के बीच जमकर मारपीट हुई। इसके बाद देर रात संबंधित कार्यकर्ता की दुकान में आग लगा दी गई। सूचना मिलने पर दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया।रविवार सुबह से ही पंचायत सदस्य राजू मंडल के घर के सामने तृणमूल कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन शुरू कर दिया और उनकी गिरफ्तारी की मांग की।घटना के बाद से राजू मंडल का परिवार इलाके में नहीं है। वहीं राजू मंडल को मारपीट की घटना में घायल होने के बाद उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज व अस्पताल में भर्ती है। मामले में एनजेपी थाना की पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लिया है।
