सिलीगुड़ी, 6 अक्टूबर (नि.सं.)। दुर्गापूजा से पहले सोने की तस्करी के खिलाफ डायरेक्टोरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (डीआरआई) की सिलीगुड़ी रीजनल यूनिट ने बड़ी कार्रवाई की है। डीआरआई की टीम ने कूचबिहार के न्यू टाउन इलाके में अभियान चलाकर करीब 12 करोड़ 36 लाख 51 हजार रुपये मूल्य का सोना बरामद किया। कार्रवाई के दौरान कुल 8 किलो 352 ग्राम वजन के 72 सोने के बिस्कुट जब्त किए गए हैं। मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिनहाटा निवासी रसीदुल शेख (42), मनोवर रहमान (40), माबिदुल सेक (39) और मिजनूर रहमान (32) के रूप में हुई है।
डीआरआई सूत्रों के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर न्यू टाउन इलाके में बीती रात निगरानी अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान दिनहाटा की ओर से दो मोटरसाइकिलों पर आ रहे चार लोगों को रोककर पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान उनके बयानों में असंगति मिलने पर तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान रसीदुल शेख की कमर में विशेष रूप से तैयार कपड़े की बेल्ट में छिपाए गए 43 सोने के बिस्कुट, जबकि माबिदुल सेक के पास से 29 बिस्कुट बरामद किए गए। बरामद सोने पर विदेशी मार्किंग भी मिली है।
डीआरआई के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि सोने की खेप बांग्लादेश से भारत-बांग्लादेश सीमा के रास्ते भारत लाई गई थी। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही दोनों मोटरसाइकिलों को भी जब्त कर लिया गया है।
चारों आरोपियों को कस्टम एक्ट के तहत गिरफ्तार कर सिलीगुड़ी अदालत में आज पेश किया गया। अदालत ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की जमानत याचिका खारिज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने का निर्देश दिया। मामले की अगली सुनवाई 13 अक्टूबर को होगी।
डीआरआई के वकील रतन बनिक ने बताया कि यह डीआरआई की अब तक की बड़ी सोना बरामदगी में से एक है। फिलहाल टीम बरामद सोने के स्रोत और इसके पीछे सक्रिय पूरे तस्करी नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।





