सिलीगुड़ी, 6 अक्टूबर (नि.सं.)। सुकना रेंज वन विभाग की टीम ने सोमवार देर रात खपरैल इलाके में अभियान चलाकर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से एक एसबीबीएल बंदूक, तीन जिंदा कारतूस और करीब ढाई किलो पैंगोलिन के स्केल बरामद किए गए।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान माटीगाड़ा थाना क्षेत्र निवासी दिलीप दर्जी के रूप में हुई है। वन विभाग ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट-1959 और वन्यजीव संरक्षण अधिनियम-1972 के तहत मामला दर्ज किया है। मंगलवार को उसे कर्सियांग अदालत में पेश किया गया, जहां जमानत याचिका खारिज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। वन विभाग अब बरामद पैंगोलिन स्केल के स्रोत और इसके पीछे सक्रिय संभावित तस्करी नेटवर्क की जांच कर रहा है।





