सिलीगुड़ी, 7 फरवरी (नि.सं)। सिलीगुड़ी में टोटो की आड़ में चल रहे नशीली टैबलेट के कारोबार का डिटेक्टिव डिपार्टमेंट (डीडी) ने पर्दाफाश किया है। गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए डीडी की टीम ने करीब 12 हजार प्रतिबंधित नशीली टैबलेट बरामद की और दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पूर्व एसजेडीए कार्यालय के पास एक सुनसान इलाके में खड़ी बारकोड लगी टोटो से की गई। गिरफ्तार आरोपियों के नाम सुदेश रजक और सुदीप्तो पंडित बताए गए है, जो प्रधान नगर थाना क्षेत्र के निवासी है। पुलिस के अनुसार, आरोपी टोटो के जरिए शहर के विभिन्न इलाकों में नशीली टैबलेट की डिलीवरी करते थे। बरामद टैबलेट की अनुमानित बाजार मूल्य लाखों रुपये आंकी गई है। दोनों आरोपियों को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया गया है।
