नक्सलबाड़ी, 13 फरवरी (नि.सं.)। नक्सलबाड़ी इलाके में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को मादक पदार्थ और भारी नकदी के साथ गिरफ्तार किया है। मामला खालपाड़ा क्षेत्र का है, जहां एक किराना दुकान की आड़ में नशे का कारोबार चलाया जा रहा था।
पुलिस को गुप्त सूत्रों से सूचना मिली थी कि खालपाड़ा इलाके के एक घर में अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री हो रही है। सूचना के आधार पर देर रात छापेमारी की गई। तलाशी के दौरान पुलिस ने 12 बोतल प्रतिबंधित कफ सिरप, 11 ग्राम ब्राउन शुगर और करीब 1 लाख 12 हजार रुपये नकद बरामद किए। मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के आरोप में सुनील सिंह उर्फ सोनू को गिरफ्तार किया गया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपी को पहले भी नशे के कारोबार के मामले में गिरफ्तार किया जा चुका है। जेल से रिहा होने के बाद वह कथित तौर पर किराना दुकान की आड़ में फिर से अवैध धंधा चला रहा था। गिरफ्तार आरोपी को आज सिलीगुड़ी महकमा अदालत में पेश किया गया है।
