सिलीगुड़ी में चोरी की आठ साइकिल बरामद, युवक गिरफ्तार

सिलीगुड़ी,21 मार्च (नि.सं.)। साइकिल चोरी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। शुक्रवार देर रात सूर्यसेन कॉलोनी इलाके से एनजेपी थाने की पुलिस ने आठ चोरी की साइकिलों के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार युवक का नाम शिव चौधरी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर इलाके में निगरानी की जा रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध युवक को कई साइकिलों के साथ घूमते हुए देखा गया, जिसके बाद उसे हिरासत में लिया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से कुल आठ चोरी की साइकिल बरामद हुई।
पुलिस का अनुमान है कि आरोपी किसी बड़े गिरोह से जुड़ा हो सकता है। इससे पहले भी शिव चौधरी साइकिल चोरी के कई मामलों में गिरफ्तार हो चुका है। शनिवार को आरोपी को जलपाईगुड़ी कोर्ट में पेश किया गया। बरामद साइकिलों के असली मालिकों की पहचान करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। पूरे मामले की जांच जारी है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *