जानकारी मिलने के बाद दार्जिलिंग जिला लीगल एड फोरम के सदस्यों ने स्थानीय लोगों और आशीघर पुलिस चौकी की मदद से बुजुर्ग महिला को कमरे से बाहर निकाला। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें इलाज के लिए सिलीगुड़ी जिला अस्पताल भेजा गया।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, लीगल एड फोरम के सदस्यों को सूचना मिली थी कि मध्य शांतिनगर इलाके में एक बुजुर्ग महिला को लंबे समय से कमरे में बंद रखा गया है। आरोप है कि दुर्गा पूजा से पहले से ही उन्हें एक गंदे कमरे में कैद करके रखा गया था।
बताया जा रहा है कि जब महिला के बेटे ने कमरे का दरवाजा खोला तो अंदर का दृश्य बेहद दयनीय था। बुजुर्ग महिला बीमार अवस्था में पड़ी थी। लंबे समय तक कमरे में बंद रहने के कारण उनकी शारीरिक स्थिति काफी बिगड़ गई थी। दरवाजा खुलते ही वह पानी और भोजन मांगने लगी। उनकी हालत देखकर तत्काल उन्हें बचाया गया और अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की गई।
दार्जिलिंग जिला लीगल एड फोरम के सचिव अमित सरकार ने बताया कि सूचना मिलने पर उनकी टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों तथा पुलिस की मदद से महिला को उद्धार किया। उन्होंने कहा कि इस मामले में बुजुर्ग महिला के बेटे और बहू के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




