जलपाईगुड़ी शहर में हाथियों का आतंक, रातभर दहशत

जलपाईगुड़ी, 13 जनवरी (नि.सं.)। जलपाईगुड़ी शहर में सोमवार रात हाथियों की घुसपैठ से दहशत का माहौल बन गया था। शहर से सटे करलावैली चाय बागान में तीन हाथियों का एक झुंड घुस आया था, जिसमें से एक हाथी गड्ढे में गिर गया। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद गड्ढे में फंसे हाथी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
इसके बाद स्थिति और गंभीर हो गई। जब झुंड से बिछड़ कर हाथी रात के अंधेरे में जलपाईगुड़ी शहर में घुस आया। शहर में दाखिल होते ही हाथी ने एक घर में जमकर तोड़फोड़ की। इस दौरान घर में मौजूद एक महिला बाल-बाल बच गई। हाथी की मौजूदगी से पूरा इलाका रातभर दहशत में रहा।
जानकारी के अनुसार, सबसे पहले हाथी एसी कॉलेज के गर्ल्स हॉस्टल के सामने देखा गया। इसके बाद देर रात वह शहर के राजबाड़ी इलाके में पहुंच गया। सूचना पाकर वन विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को काबू में करने की कोशिश शुरू किया। 
भोर के समय हाथी को बैकुंठपुर राजबाड़ी के पीछे जंगल इलाके में देखा गया। इसके बाद वन विभाग की ओर से हाथी को ट्रैंक्विलाइज़र किया गया। जिसके बाद हाथी को काबू में कर वाहन के जरिए सुरक्षित रूप से जंगल में वापस छोड़ दिया गया।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *