नक्सलबाड़ी,10 अप्रैल(नि.सं.)। चोरी करने वालों को कई बार अंदाज़ा भी नहीं होता कि वे क्या चुरा रहे हैं? अगर ऐसा न होता तो भला कोई खोपड़ी क्यों चुराएगा? नक्सलबाड़ी में रविवार को कब्रिस्तान की मिट्टी खोदकर खोपड़ी चोरी होने के बाद हड़कंप मच गया था।
वहीं, आज फिर से फांसीदेवा के छोटो पाथू इलाके के भतनजोत शमशान घाट से खोपड़ी चोरी होने का मामला सामने आया है। आज सुबह श्मशान घाट के पुजारी श्मशान घाट गये तो देखा कि मिट्टी खोदा हुआ है। उसके बाद सारा मामला उनके सामने आया।
सूचना मिलने पर फांसीदेवा पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय पंचायत सदस्य ने पूरे घटना की पुलिस जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं वांछनीय नहीं हैं। पुलिस घटना की जांच करें। बताया गया है कि कुछ महीने पहले उस श्मशान घाट में एक युवती का शव दफनाया गया था।
