सिलीगुड़ी,25 मई (नि.सं.)। फाराबाड़ी नेपाली बस्ती इलाके में हाथी के हमले में एक बुजुर्ग महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। बताया जा रहा है कि रविवार रात को एक हाथी फाराबाड़ी नेपाली बस्ती इलाके में घुस आया। उस समय एक बुजुर्ग महिला अपने घर के बाहर घूम रही थी। अंधेरे में हाथी ने अचानक महिला पर हमला कर दिया। इस घटना में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना के बाद महिला की चिल्लाने की आवाज सुनकर स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे। इसके बाद महिला को बरामद कर सिलीगुड़ी जिला अस्पताल ले जाया गया। स्थानीय निवासियों ने बताया कि हाथी अक्सर भोजन की तलाश में जंगल से इलाके में प्रवेश करते हैं। वे इलाके में बहुत नुकसान भी पहुंचाते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि वन विभाग रात में गश्त नहीं करते है।