सिलीगुड़ी, 5 अप्रैल (नि.सं.)। जाली पासपोर्ट और आधार कार्ड बनाकर पिछले आठ साल से भारत में अवैध रूप से रह रहे एक बांग्लादेशी परिवार को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। कल फुलबाड़ी सीमा से सटे इलाके से एनजेपी थाना पुलिस ने पति, पत्नी और उनकी नाबालिग बेटी को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम आजम अली और उनकी पत्नी रीमा अख्तर है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, साल 2016 में ये परिवार बांग्लादेश के मठेरगंज इलाके से इलाज के लिए वैध दस्तावेजों के साथ भारत आया था। इसके बाद 2019 में पति-पत्नी का वीजा और 2021 में उनकी बेटी का वीजा समाप्त हो गया। इसके बावजूद वे भारत में ही रह गए और वापस नहीं लौटे।
आरोप है कि आजम अली ने अपनी पहचान छुपाकर जाली आधार कार्ड और भारतीय पासपोर्ट बनवा लिया। इन फर्जी दस्तावेजों के सहारे वह बेंगलुरु के एक निजी अस्पताल में काम भी कर रहा था।
गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने फुलबाड़ी सीमा क्षेत्र में अभियान चलाया। संदिग्ध परिवार को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उनके बयान में असंगति पाई गई और पूरा मामला सामने आया।
अवैध रूप से भारत में रहने, सीमा पार करने और भारतीय दस्तावेजों की जालसाजी के आरोप में उनके खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। रविवार को तीनों आरोपियों को जलपाईगुड़ी अदालत में पेश किया गया।
