केंद्र सरकार की सब्सिडी योजना में 5 करोड़ 60 लाख की धोखाधड़ी, खाद कारोबारी गिरफ्तार

सिलीगुड़ी, 8 जनवरी (नि.सं.)। केंद्र सरकार की किसान सब्सिडी योजना की आड़ में बड़े पैमाने पर गबन का खुलासा हुआ है। सीजीएसटी की एंटी इवेजन यूनिट ने फर्जी दस्तावेजों के जरिए किसानों के हक की सब्सिडी हड़पने के आरोप में चोपड़ा के एक खाद कारोबारी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर करीब 5 करोड़ 60 लाख रुपये की सब्सिडी राशि गबन करने का आरोप है।


गिरफ्तार आरोपी की पहचान मिठून भगत (39) के रूप में हुई है, जो उत्तर दिनाजपुर जिले के चोपड़ा थाना क्षेत्र के दासपाड़ा इलाके में खाद का कारोबार करता है। जांच में सामने आया है कि आरोपी ने अपने व्यवसाय की आड़ में केंद्र सरकार की सब्सिडी योजना के तहत फर्जीवाड़ा कर किसानों के नाम पर मिलने वाली राशि को अवैध रूप से प्राप्त किया।

सूत्रों के मुताबिक, मामले की जानकारी मिलने के बाद सीजीएसटी की एंटी इवेजन टीम ने जांच शुरू की। पहले चरण में कारोबारी से पूछताछ की गई, इसके बाद उसे नोटिस देकर कार्यालय में तलब किया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी संतोषजनक जवाब नहीं दे सका और आवश्यक दस्तावेज़ भी प्रस्तुत नहीं कर पाया।


जांच में धोखाधड़ी के स्पष्ट सबूत मिलने के बाद सीजीएसटी ने आरोपी के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज किया और उसे सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया।
सीजीएसटी की ओर से अधिवक्ता रतन बनिक ने बताया कि केंद्र सरकार की सब्सिडी योजना के तहत किसानों को मिलने वाली 5 करोड़ 60 लाख रुपये की राशि का गबन किया गया है। यह मामला दस्तावेजों की जांच के दौरान उजागर हुआ। अदालत में दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद न्यायाधीश ने आरोपी की जमानत याचिका खारिज कर दी और उसे 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया। फिलहाल सीजीएसटी की एंटी इवेजन टीम पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और इस घोटाले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *