सिलीगुड़ी, 10 जनवरी (नि.सं.)। आगामी 16 जनवरी को सिलीगुड़ी में महाकाल मंदिर का शिलान्यास किया जाएगा। शिलान्यास से पहले तैयारियों का जायजा लेने के लिए मेयर गौतम देव ने एक बार फिर स्थल का निरीक्षण किया।
इस दौरान मेयर के साथ एसजेडीए के चेयरमैन, दार्जिलिंग के जिलाधिकारी, पुलिस कमिश्नर, डीसीपी ट्रैफिक समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे। निरीक्षण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, आवागमन और ट्रैफिक नियंत्रण सहित कई अहम पहलुओं की समीक्षा की गई।
निरीक्षण के बाद मेयर गौतम देव ने बताया कि महाकाल मंदिर के निर्माण के बाद देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक यहां आएंगे। उन्होंने कहा कि भौगोलिक दृष्टि से यह स्थान अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योकि एक ओर नेपाल, दूसरी ओर भूटान और बागडोगरा एयरपोर्ट के नजदीक होने के कारण देश के विभिन्न राज्यों से भी इस क्षेत्र का सीधा संपर्क है। इन्हीं कारणों से योजनाबद्ध तरीके से इस स्थान को मंदिर निर्माण के लिए चुना गया है।
