फूलबाड़ी, 20 नवंबर (नि.सं.)। फूलबाड़ी में चोरों ने एक ही रात में चार घरों को निशाना बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। इस दौरान घरों के मंदिरों के ताले तोड़कर कांसे और पीतल के पूजा के बर्तन चोरी कर लिए गए। घटना फूलबाड़ी-2 नंबर ग्राम पंचायत के चतुरागछ गांव की है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, विश्वजीत पोद्दार के घर स्थित काली मंदिर से करीब 50 हजार रुपये से अधिक मूल्य के कांसे के बर्तन चोरी हुए हैं। इसी तरह बापी विश्वास के घर के राधामाधव मंदिर और सावित्री विश्वास के घर के लोकनाथ मंदिर से भी चोर कांसे और पीतल के विभिन्न पूजा सामग्री लेकर फरार हो गए।
वहीं, झुमा दत्त के घर में भी चोरी की कोशिश की गई। चोर घर के बाहर रखे भारी लोहे के सामान को एक बैग में भरकर दूसरी जगह छिपा गए, लेकिन उसे अपने साथ नहीं ले जा सके।
शुक्रवार सुबह परिवार के सदस्यों ने मंदिरों में ताले टूटे हुए और पूजा के बर्तन गायब पाए। उनका अनुमान है कि चोर देर रात दीवार फांदकर घरों में दाखिल हुए और वारदात को अंजाम दिया है।
घटना की सूचना मिलने पर एनजेपी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। एक ही रात में कई घरों के मंदिरों में चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोगों में दहशत है। निवासियों ने जल्द से जल्द आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है।





