सिलीगुड़ी में लगातार हादसे और हमलों से बढ़ी चिंता, कानून-व्यवस्था पर उठे सवाल

सिलीगुड़ी, 6 फरवरी (नि.सं)। सिलीगुड़ी में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं और हमले की घटनाओं ने शहर की कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है। इन घटनाओं के बाद पुलिस प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल उठने लगे है।


हाल ही में सेवक रोड पर हुए हिट एंड रन हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। वह अभी भी इलाजाधीन है। इसके अलावा तीन दिन पहले आलो चौधरी मोड़ इलाके में एक और हिट एंड रन घटना में एक युवती घायल हुई थी, जो फिलहाल उपचाराधीन है। इन दोनों मामलों में पुलिस ने संबंधित वाहन को जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया है।

इसी बीच शहर के सिलीगुड़ी जक्शन इलाके में एक और चौंकाने वाली घटना सामने आई। आरोप है कि ड्यूटी पर तैनात एक ट्रैफिक कांस्टेबल को चार युवकों ने सड़क पर गिराकर बेल्ट से बेरहमी से पीटा है।


बताया गया है कि चारों युवक नशे की हालत में सड़क पर स्कूटी खड़ी कर अभद्र व्यवहार कर रहे थे। उस समय ड्यूटी पर मौजूद ट्रैफिक पुलिस के एक कांस्टेबल और एक सिविक वालंटियर ने उन्हें सड़क से हटने के लिए कहा। इससे नाराज होकर आरोपियों ने कांस्टेबल पर हमला कर दिया और बेल्ट से मारकर उसका सिर फोड़ दिया। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
प्रधाननगर थाने की पुलिस ने घटना की जांच के बाद चार युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवकों के नाम विशाल दास, अर्जुन महतो, अजय महतो और रामदेव महतो है। गिरफ्तार युवकों को जब कोर्ट में पेश किया गया, तो कोर्ट ने उन्हें 14 दिन की जेल कस्टडी में भेजने का आदेश दिया।
शहर में हुई कई बुरी घटनाओं से राजनीतिक तनाव भी बढ़ गया है। भाजपा का आरोप है कि सिलीगुड़ी में कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब हो गई है और पुलिस प्रशासन शहर को संभालने में नाकाम रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *