सिलीगुड़ी,23 मार्च(नि.सं.)।फूलबाड़ी में महिला की सोने की चेन छीनकर बदमाश फरार हो गए। यह सनसनीखेज वारदात शनिवार की रात फूलबाड़ी के राजीवनगर इलाके में हुई है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार बसना साहा नामक महिला को फूलबाड़ी से खरीदारी करके पैदल घर जा रही थी। तभी अचानक एक युवक पीछे से आया और महिला के गले से लाखों रुपये की सोने की चेन छीनकर भाग गया। महिला की चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने खुद बदमाश का पीछा किया, लेकिन युवक बाइक से फरार हो गया।
इस घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई। स्थानीय निवासियों ने तुरंत न्यू जलपाईगुड़ी थाने को इसकी सूचना दी। खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू की। बासना साहा ने कहा कि मैं घर के सामने वाली सड़क से आ रही थी।तभी अचानक आवाज सुनकर पीछे देखा।
इस दौरान एक युवक ने मेरे गले से चेन छीन ली और भाग गया। मेरे चिल्लाने के बावजूद वे दोनों तेजी से बाइक पर सवार होकर भाग गए।स्थानीय लोगों ने कहा कि फूलबाड़ी में इस तरह की घटना पहले कभी नहीं घटी। हाल ही में इन घटनाओं में हुई बढ़ोतरी ने आम लोगों को चिंता में डाल दिया है। उन्होंने पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की।
