फूलबाड़ी, 17 फरवरी (नि.सं.)। फूलबाड़ी में मोर्टार शेल बरामद होने से इलाके में हड़कंप मच गया। इस घटना के बाद से इलाके में आंतक का माहौल देखा जा रहा है। सोमवार को फूलबाड़ी आमाईदिघी इलाके में भारत-बांग्लादेश सीमा के पास वाहन पार्किंग से मोर्टार शेल बरामद किया गया।
बताया गया है कि फूलबाड़ी इलाके के एक पार्किंग में तीस्ता से डंपर द्वारा बालू-पत्थर लाया गया था। उसी दौरान यह विस्फोटक मोर्टार शेल बरामद हुआ। घटना की सूचना एनजेपी थाने की पुलिस को दी गयी।
अनुमान है कि पिछले साल पहाड़ में आई प्राकृतिक आपदा के बाद कई मोर्टार शेल तीस्ता नदी में बहकर आए थे। यह मोर्टार शेल उदलाबाड़ी तीस्ता नदी से लाए गए बालू और पत्थर के साथ आया होगा। पुलिस मौके पर पहुंचकर मोर्टार शेल बरामद करने का प्रयास कर रही है।