फूलबाड़ी,23 फरवरी(नि.सं.)। फूलबाड़ी में एक व्यवसायी के घर में चोरी की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। चोरों ने कई लाख रुपये नकद समेत सोने के आभूषणों पर हाथ साफ किया है। यह घटना सिलीगुड़ी संलग्न फूलबाड़ी 2नंबर ग्राम पंचायत के आमाईदिघी इलाके में घटी है। बताया गया है कि चोरी फूलबाड़ी के आमाईदिघी इलाके के व्यवसायी तारिकुल इस्लाम उर्फ मिंटू के घर हुई है।
चोरों ने चार लाख नकद, सोने के आभूषण और पांच मोबाइल फोन उड़ा लिए। चोर ने सीसीटीवी कैमरे को तौलिये से ढक दिया। इसके बाद चोरों ने घर मालिक का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया और चोरी की घटना को अंजाम दिया।घर के मालिक तारिकुल इस्लाम ने कहा कि चोरों ने पहले मेरे घर से कई लाख रुपये की चोरी की।
फिर चोरों ने मेरे कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर दूसरे कमरे में जाकर चोरी की। जब मेरी पत्नी के चिल्लाने लगी तो चोर फरार हो गए। चोरों ने नकदी, सोना,मोबाइल और सीसीटीवी कैमरे की हार्ड डिस्क भी चुरा ली। घटना के बाद मामले की जानकारी एनजेपी थाने की पुलिस को दी गई। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
