सिलीगुड़ी, 27 मार्च (नि.सं.)। रामनवमी की शोभायात्रा के दौरान सिलीगुड़ी में सौहार्द का अनोखा संदेश देखने को मिला। तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार और सिलीगुड़ी के मेयर गौतम देव शोभायात्रा में शामिल होकर बीजेपी के मंच पर पहुंचे और सभी को शुभकामनाएं दीं।
हिलकार्ट रोड पर बीजेपी उम्मीदवार शंकर घोष को देखते ही गौतम देव ने ‘जय श्री राम’ का नारा लगाया, जिस पर बीजेपी प्रत्याशी ने भी नमस्कार कर अभिवादन स्वीकार किया। शुक्रवार को सिलीगुड़ी के हिलकार्ट रोड पर भव्य राम नवमी शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें गौतम देव अपने समर्थकों के साथ शामिल हुए। इस दौरान वे बीजेपी के मंच पर चढ़े और जिला अध्यक्ष अरुण मंडल को गले लगाकर राम नवमी की शुभकामनाएं दीं।
सिर्फ बीजेपी ही नहीं, बल्कि शोभायात्रा में मौजूद बंगीय हिंदू महामंच के कार्यकर्ताओं के साथ भी उन्होंने अभिवादन किया और विभिन्न संगठनों के मंचों पर जाकर सभी को शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के दौरान गौतम देव कभी हाथ में राम का झंडा लिए तो कभी ‘जय श्री राम’ के नारे लगाते नजर आए। बाद में उन्होंने सेवक रोड क्षेत्र में भी जाकर शोभायात्रा और कार्यक्रम में शामिल लोगों से बातचीत की और शुभकामनाएं दीं।
कुल मिलाकर, राजनीतिक मतभेदों को दरकिनार कर इस उत्सव के मौके पर सिलीगुड़ी की रामनवमी शोभायात्रा से सामाजिक सौहार्द और एकता का संदेश सामने आया।
