सिलीगुड़ी, 17 दिसंबर (नि.सं)। सिलीगुड़ी मेट्रोपॉलिटन पुलिस के प्रधान नगर थाना की सफेद पोशाक पुलिस ने प्रफ्फूलो नगर से चोरी हुई लाखों रुपये के सोने व चांदी की जेवरात बिहार से बरामद की है।
वहीं, चोरी का समान खरीदने के आरोप में एक स्वर्ण व्यवसायी को गिरफ्तार कर सिलीगुड़ी लाया गया है। गिरफ्तार स्वर्ण व्यवसायी का नाम अशोक कुमार साह (56) है। वह बिहार के मुजफ्फरपुर का निवासी बताया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार गत 13 दिसंबर को 46 नंबर वार्ड अंतर्गत प्रफ्फूलो नगर इलाके के रहने वाले चंदू कुमार मंडल ने प्रधान नगर थाना में करीब 6 लाख रूपये के सोना व चांदी की चोरी के विषय में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। चंदू कुमार मंडल ने पुलिस को बताया कि 28 नवंबर को वह बाहर गये हुए थे। इस कारण उनका घर खाली पड़ा हुआ था। 10 दिसंबर को वापस अपने घर आने के बाद उन्होंने देखा कि घर का सारा सामान बिखरा पड़ा था एवं घर की अलमारी में रखा सोना और चांदी के जेवरात गायब है। जिसकी कीमत करीब 6 लाख रुपये है। शिकायत के आधार पर मामले की जांच करते हुए प्रधान नगर थाना की सफेद पोशाक पुलिस को घर में लगा सीसीटीवी कैमरा का फुटेज मिला। उसी से पुलिस ने सबसे पहले चोर की शिनाख्त की। इसके बाद अभियान चलाते हुए पुलिस ने कई घंटो के अंदर लोअर भानु नगर इलाके से चोर सुरज कुमार सिंह को गिरफ्तार कर लिया। उसके बाद 14 तारीख को पुलिस ने चोर को सिलीगुड़ी अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया। आरोपी से पूछताछ में स्वर्ण व्यवसायी अशोक कुमार साह का नाम सामने आया। जिसे सूरज कुमार सिंह ने जेवरात बेचे थे। इसके बाद पुलिस 600 किलोमीटर दूर बिहार से अशोक कुमार साह को भी गिरफ्तार कर लिया। आज आरोपी को सिलीगुड़ी अदालत में पेश कर आगे की जांच के लिए रिमांड की मांग की गई है।
