राजगंज, 3 मार्च (नि.सं)। रंगों के त्योहार होली के मौके पर राजगंज उत्सव के रंग में सराबोर हो गया। राजगंज के विधायक खगेश्वर राय ने बच्चों के साथ होली की खुशियां बांटी। स्थानीय आमबाड़ी शक्तिसोपान क्लब के मैदान में आयोजित बसंत उत्सव को लेकर क्षेत्र में खासा उत्साह और उमंग देखने को मिला।सुबह से ही क्लब परिसर में स्थानीय लोगों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। नृत्य, गीत और विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए बसंत ऋतु का स्वागत किया गया। चारों ओर अबीर-गुलाल के रंग बिखर गए। कार्यक्रम में बच्चों की प्रस्तुतियां विशेष आकर्षण का केंद्र रही।
उत्सव में शामिल होकर राजगंज के विधायक खगेश्वर राय ने बच्चों के साथ रंग खेला और उनके साथ खुशियां साझा की। उन्होंने सभी से शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्योहार मनाने की अपील की।
