घर में रंग के दौरान चोरी, एक गिरफ्तार- चोरी के सोने के आभूषण बरामद

सिलीगुड़ी, 16 दिसंबर (नि.सं)। सिलीगुड़ी के दक्षिण शांति नगर इलाके में एक घर में रंग का काम करते समय चोरी की घटना को अंजाम दिया गया। इस मामले में आशीघर फाड़ी की पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी के पास से चोरी किए गए सोने के आभूषण भी बरामद कर लिए गए है। आरोपी का नाम शैबल दे सरकार है। वह दक्षिण शांति नगर का ही निवासी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, 3 दिसंबर को शैबल दक्षिण शांति नगर निवासी निपेंद्र बर्मन के घर रंग का काम करने गया था। काम के दौरान मौका पाकर उसने घर के लॉकर से कई सोने के आभूषण चोरी कर लिए। कुछ दिन बाद जब घर के मालिक ने लॉकर खोला तो चोरी का पता चला। इसके बाद आशीघर फाड़ी में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की और सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद आरोपी की पहचान की। 14 दिसंबर को पुलिस ने शैबल दे सरकार को गिरफ्तार किया। रिमांड पर पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने चोरी किए गए सोने के आभूषण अपने ही घर में छिपा कर रखे है। इसके बाद पुलिस ने उसके घर पर तलाशी अभियान चलाकर सभी चोरी गए आभूषण बरामद कर लिए। बुधवार को आरोपी को जलपाईगुड़ी अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस घटना में और कोई शामिल है या नहीं।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *