खोरीबाड़ी,12 अक्टूबर (नि.सं.)। भारत-नेपाल सीमा के पानीटंकी इलाके में सीमा पार करने से पहले एसएसबी के जवानों ने मानव तस्करी के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान महेश भुरालाल तन्ना के रूप में हुई है, जो भूटान का निवासी बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, रविवार को आरोपी एक नाबालिग लड़की को लेकर सीमा पार करने की कोशिश कर रहा था। इस दौरान दस्तावेजों की जांच करते समय एसएसबी के जवानों को संदेह हुआ। पूछताछ में कई विसंगतियां सामने आने के बाद आरोपी को हिरासत में लिया गया। जांच के दौरान एक अन्य नाबालिग लड़की का भी पता चला, जिसे एसएसबी, पुलिस और एक स्वयंसेवी संगठन ने सिलीगुड़ी से बरामद किया।
एसएसबी सूत्रों के मुताबिक, आरोपी पर नौकरी का प्रलोभन देकर दोनों नाबालिगों को मिजोरम से नेपाल ले जाकर तस्करी करने की योजना बनाने का आरोप है। बाद में आरोपी को खोरीबाड़ी थाने की पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस ने मानव तस्करी के आरोप में मामला दर्ज किया है। आरोपी को सोमवार को सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया जाएगा।





