फूलबाड़ी,13 मार्च (नि.सं)। तीन सूत्री मांगों को लेकर फूलबाड़ी में पूर्व केएलओ लिंकमैन ने आमरण अनशन शुरू कर दिया है। शुक्रवार को फूलबाड़ी के बटालियन मोड़ पर धरना मंच बनाकर आंदोलनकारियों ने इस अनशन कार्यक्रम की शुरुआत की है।
यह धरना और आमरण अनशन कामतापुर लिबरेशन ऑर्गेनाइजेशन (KLO) के पूर्व लिंकमैन महिला मंच समन्वय समिति के बैनर तले आयोजित किया गया। इस दौरान पुरुषों के साथ-साथ कई महिला लिंकमैन भी अनशन में शामिल हुई।
आंदोलनकारियों की मुख्य मांग है कि पूर्व केएलओ और लिंकमैन के लिए जल्द से जल्द रोजगार की व्यवस्था की जाए। इसके अलावा उनके स्थायी पुनर्वास की व्यवस्था करने और एक अटोनॉमस काउंसिल के गठन की भी मांग उठाई गई है।
आंदोलनकारियों का कहना है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होती तब तक यह आमरण अनशन जारी रहेगा। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जल्द समाधान नहीं निकला तो आने वाले दिनों में वे बड़े आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे।
