सिलीगुड़ी, 5 अप्रैल (नि.सं.)। रामनवमी के दिन शोभायात्रा के दौरान धारदार हथियार से घायल युवक की मौत के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, सिलीगुड़ी के 28 नंबर वार्ड के टिकियापाड़ा इलाके में हुई इस घटना में घायल युवक सूरज साहनी की करीब 8 दिन इलाज के बाद मौत हो गई। युवक की मौत की खबर सामने आते ही इलाके में तनाव फैल गया। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजन और स्थानीय लोगों ने शव को सड़क पर रखकर विरोध प्रदर्शन और रोड जाम किया। आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर जमकर हंगामा हुआ। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस के आश्वासन के बाद हालात सामान्य हुए। इसके बाद जांच में जुटी पुलिस ने रविवार सुबह अलीपुरद्वार के बीरपाड़ा में आरोपी राजेश साहनी को उसकी बहन के घर से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी को आज अदालत में पेश किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
