सिलीगुड़ी, 8 फरवरी (नि.सं)। सिलीगुड़ी के प्रधाननगर थाना अंतर्गत शालबाड़ी इलाके में चल रहे एक पैरामेडिकल व नर्सिंग इंस्टीट्यूट पर सैकड़ों छात्रों से धोखाधड़ी का आरोप सामने आया है। आरोप है कि संस्थान ने पैरामेडिकल के नाम पर छात्रों से मोटी फीस वसूलने के बाद अचानक खुद को वोकेशनल ट्रेनिंग सेंटर घोषित कर दिया।
करीब 300 छात्रों से प्रति छात्र लगभग 1.30 लाख रुपये फीस ली गई थी। नाम बदलने के बाद छात्रों को ठगी का अहसास हुआ, जिसके बाद उन्होंने संस्थान के बाहर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
छात्रों की शिकायत पर प्रधाननगर थाने की पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो महिलाओं समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के नाम करीना राई, खेवाल खवास और सृजना खत्री बताए गए है। तीनों को सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया गया है।
पुलिस के अनुसार, संस्थान का मुख्य संचालक फिलहाल फरार है और उसकी तलाश जारी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि संस्थान के पास वैध दस्तावेज थे या नहीं। डीसीपी राकेश सिंह ने कहा कि पूरे मामले की जांच की जा रही है।

