जलपाईगुड़ी, 15 जनवरी(नि.सं.)। आगामी 17 जनवरी को कलकत्ता हाईकोर्ट की जलपाईगुड़ी सर्किट बेंच केनवनिर्मित भवन का भव्य उद्घाटन होने जा रहा है। उद्घाटन से पहले नए भवन को रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया है।
उद्घाटन की तैयारियों का जायज़ा लेने के लिए सिलीगुड़ी के मेयर गौतम देव ने भवन का निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ जलपाईगुड़ी नगरपालिका के चेयरमैन सैकत चट्टोपाध्याय भी मौजूद थे। उन्होंने भवन की आधारभूत संरचना, सुरक्षा व्यवस्था सहित विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की। जानकारी के अनुसार, उद्घाटन समारोह में सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश भी उपस्थित रहेंगे।
इस अवसर पर मेयर गौतम देव ने कहा कि उत्तर बंगाल के लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग को ध्यान में रखते हुए जलपाईगुड़ी में सर्किट बेंच की शुरुआत की गई। सर्किट बेंच भवन के निर्माण के लिए राज्य सरकार की ओर से 501 करोड़ रुपये आवंटित किए गए थे। उन्होंने आगे कहा कि उत्तर बंगाल के न्याय प्रार्थियों को अब न्याय के लिए कोलकाता नहीं जाना पड़े, इसी उद्देश्य से मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने जलपाईगुड़ी में सर्किट बेंच के निर्माण की पहल की थी।
