फांसीदेवा, 4 अप्रैल (नि.सं.)। दोस्तों के साथ बालासन नदी में नहाने के दौरान एक नाबालिग की डूबने से मौत हो गई। घटना फांसीदेवा के दानागछ इलाके की है। मृतक का नाम दानियेन बेग (9) है, जो फांसीदेवा के शालडांगी का निवासी था।जानकारी के अनुसार, शनिवार को वह स्थानीय कुछ दोस्तों के साथ बालासन नदी में नहाने गया था। इसी दौरान अचानक वह नदी के पानी में डूबने लगा, जिससे वहां मौजूद अन्य बच्चे चिल्लाने लगे। उनकी आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे।
स्थानीय लोगों की मदद से नाबालिग को बाहर निकालकर पहले फांसीदेवा ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे उत्तरबंग मेडिकल कॉलेज व अस्पताल रेफर किया गया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर बागडोगरा थाना और फांसीदेवा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। इस घटना से इलाके में शोक का माहौल है।
