प्राप्त जानकारी के अनुसार, कर्नाटक में 28 दिसंबर 2025 को हुई करोड़ों रुपये की डकैती के मामले में कर्नाटक पुलिस ने गत 24 नवंबर को माटीगाड़ा इलाके से आरोपी सूजन लाखंडरी उर्फ संतोष बकार्डी को गिरफ्तार किया था। इसके बाद उसे ट्रांजिट रिमांड के लिए सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया गया। अदालत से ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद कर्नाटक पुलिस आरोपी को लेकर सिलीगुड़ी जंक्शन स्थित एक निजी होटल में ठहरी थी।
इसी दौरान 25 नवंबर को आरोपी ने बाथरूम जाने की बात कही। मौका मिलते ही उसने बाथरूम की खिड़की तोड़ी और फरार हो गया। पुलिस हिरासत से आरोपी के फरार होने की खबर से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। कर्नाटक पुलिस ने काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद कर्नाटक पुलिस ने प्रधान नगर थाने में आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत मिलने के बाद सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन पुलिस की विभिन्न टीमों ने आरोपी की तलाश में कई स्थानों पर छापेमारी शुरू की। हालांकि, वह लगातार पुलिस को चकमा दे रहा था। आखिरकार प्रधान नगर थाना पुलिस ने अपने गुप्त सूत्रों की मदद से फरार आरोपी का पता लगाया और आज तड़के इस्लामपुर से उसे गिरफ्तार कर सिलीगुड़ी ले आई।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया गया, जहां पुलिस ने उससे पूछताछ के लिए रिमांड की मांग की है। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी की सूचना कर्नाटक पुलिस को भी दे दी है।





