मिली जानकारी के अनुसार, इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर (I4C) से मिले हॉटस्पॉट अलर्ट के आधार पर पुलिस को सिलीगुड़ी के विभिन्न बैंक खातों में साइबर ठगी की रकम के लेनदेन का पता चला था। शुरुआती जांच में करीब 44 लाख 26 हजार 705 रुपये के संदिग्ध वित्तीय लेनदेन का खुलासा हुआ है।
सिलीगुड़ी साइबर क्राइम थाने के एसआई सूरज कुमार छेत्री की ओर से दर्ज शिकायत के अनुसार, 1 जून 2026 से 3 सितंबर 2026 के बीच के आंकड़ों का विश्लेषण किया गया। इसमें भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की विभिन्न शाखाओं के 38 खाते, पंजाब नेशनल बैंक (PNB) के 6 खाते और सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की एसएफ रोड शाखा के 5 खाते संदेह के घेरे में आए हैं।
जांच में आशंका जताई गई है कि इन बैंक खातों का इस्तेमाल साइबर ठगी से हासिल रकम जमा करने और उसे आगे दूसरे खातों में ट्रांसफर करने के लिए किया जा रहा था।
इसी मामले की जांच के दौरान पुलिस ने अजय राय और राज कुमार सरकार को गिरफ्तार किया। दोनों के खिलाफ साइबर ठगी के मामले में केस दर्ज कर उन्हें सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया गया है।
फिलहाल, साइबर क्राइम थाने की पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।




