पुलिस सूत्रों के अनुसार, शुक्रवार रात गुप्त सूचना मिली थी कि सिलीगुड़ी से भारी मात्रा में विदेशी शराब बिहार ले जाने के उद्देश्य से दो युवक एनजेपी स्टेशन परिसर में इंतजार कर रहे हैं। सूचना मिलते ही एनजेपी थाने की एंटी क्राइम विंग की टीम ने स्टेशन के पार्किंग क्षेत्र में छापेमारी की।
इस दौरान दो युवक तीन संदिग्ध ट्रॉली बैग के साथ घूमते हुए मिले। पुलिस ने उन्हें रोककर बैग की तलाशी ली, जिसमें से 82 बोतल विदेशी शराब बरामद हुई। पुलिस का दावा है कि आरोपी शराब से संबंधित कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सके।
प्राथमिक जांच में पुलिस को आशंका है कि शराब को बिहार में तस्करी के उद्देश्य से ले जाया जा रहा था। दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस तस्करी गिरोह में अन्य लोगों की संलिप्तता की पुलिस जांच कर रही है। शनिवार को दोनों आरोपियों को जलपाईगुड़ी अदालत में पेश किया गया।




