सिलीगुड़ी, 27 नवंबर (नि.सं.)। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की कोलकाता एंटी करप्शन ब्रांच (एसीबी) ने रिश्वतखोरी के मामले में पूर्व रेलवे के मालदा मंडल में तैनात एक ऑफिस सुपरिटेंडेंट को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान उमाशंकर पांडे के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, 24 नवंबर 2026 को मिली एक शिकायत के आधार पर सीबीआई ने मामला दर्ज किया था। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि अधिकारी ने शिकायतकर्ता के लंबित मॉडिफाइड एश्योर्ड करियर प्रोग्रेशन (MACP) लाभ की प्रक्रिया पूरी करने के एवज में 5,000 रुपये की रिश्वत मांगी थी।
जांच और सत्यापन के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर रिश्वत की रकम घटाकर 4,000 रुपये कर दी और शिकायतकर्ता को 26 नवंबर को अपने कार्यालय में पैसे लेकर आने को कहा।
इसके बाद सीबीआई ने जाल बिछाकर 26 नवंबर को आरोपी को शिकायतकर्ता से 4,000 रुपये की रिश्वत मांगते और लेते हुए रंगेहाथ पकड़ लिया।
शुक्रवार को आरोपी को सिलीगुड़ी की अदालत में पेश किया गया, जहां से अदालत ने उसे 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया। मामले में सीबीआई की आगे की जांच जारी है।





