मिली जानकारी के अनुसार, बीती रात दंपति कार्यालय का काम खत्म कर अपनी गाड़ी से घर लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी गाड़ी के पीछे चल रहे दो टोटो चालकों में से एक ने महिला पर अश्लील टिप्पणी करने के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। यह सुनकर महिला के पति ने गाड़ी रोककर इसका विरोध किया और टिप्पणी करने का कारण पूछा।
आरोप है कि इसके बाद दोनों टोटो चालकों ने दंपति पर हमला कर उनकी जमकर पिटाई कर दी। इतना ही नहीं, उन्हें मौके पर रोककर रखने की भी कोशिश की गई। पीड़ित दंपति का दावा है कि घटनास्थल पर कई लोग मौजूद थे, लेकिन किसी ने भी उनकी मदद के लिए आगे आने की हिम्मत नहीं दिखाई।
वहीं, आरोप है कि घटना की जानकारी मिलने पर पूर्व भाजपा पंचायत सदस्य कमल बर्मन भी मौके पर पहुंचे और अपने बेटे का पक्ष लिया। घटना के बाद पीड़ित दंपति ने एनजेपी थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। हालांकि, खबर लिखे जाने तक इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई थी।
इस घटना पर डाबग्राम-फूलबाड़ी की विधायक शिखा चटर्जी ने कहा कि इस तरह की घटना किसी भी हाल में स्वीकार्य नहीं है। आरोपी किसी भी राजनीतिक दल से जुड़ा हो या पंचायत से संबंधित हो, इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। किसी महिला पर हाथ उठाना पूरी तरह गलत है और इस तरह के दुर्व्यवहार को बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि पुलिस मामले में उचित कार्रवाई करेगी।
दूसरी ओर, पूर्व भाजपा पंचायत सदस्य कमल बर्मन और उनके बेटे की ओर से इन आरोपों पर कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। उनसे संपर्क करने की कोशिश की जा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।





