सिलीगुड़ी, 22 नवंबर (नि.सं.)। देवीडांगा इलाके से रविवार को एक बंद घर के अंदर से महिला का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान झारी बर्मन (40) के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बरामद किया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, झारी बर्मन अपने पति हराधन बर्मन और दो बच्चों के साथ देवीडांगा इलाके में रहती थी। रविवार सुबह उनके पति अपनी आंखों का इलाज कराने नेपाल गए थे। जिससे घर खाली था। काफी देर तक घर का दरवाजा बंद रहने और परिस्थितियां संदिग्ध लगने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर घर के अंदर प्रवेश किया। महिला को बरामद कर उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज व अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
पुलिस मृतका के पति से संपर्क करने के साथ ही स्थानीय लोगों और पड़ोसियों से भी पूछताछ कर रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।




