सिलीगुड़ी, 22 नवंबर (नि.सं.)। सेवक-रंगपो परियोजना के नाम पर करोड़ों रुपये की कथित धोखाधड़ी के मामले में सिलीगुड़ी थाने की पुलिस ने रिभा लामा को गिरफ्तार किया है। शनिवार को माटीगाड़ा थाने की मदद से पुलिस ने उत्तरायण इलाके में कार्रवाई करते हुए उन्हें हिरासत में लिया था। लंबी पूछताछ के बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। सिलीगुड़ी अदालत में पेश करने पर अदालत ने उन्हें 5 दिनों की पुलिस रिमांड पर भेज दिया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस मामले में 18 नवंबर 2026 को भाजपा नेता मानिक अरोड़ा के बड़े भाई ने सिलीगुड़ी थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप है कि सेवक-रंगपो परियोजना में काम दिलाने के नाम पर रिभा लामा को कुल 1 करोड़ रुपये दिए गए थे। काम नहीं होने पर पैसे वापस मांगे गए, लेकिन कथित तौर पर रकम वापस नहीं की गई।
मानिक अरोड़ा ने बताया कि उनके और उनके भाई के बैंक खातों से यह रकम दी गई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि तत्कालीन तृणमूल सरकार के दौरान शिकायत पर कार्रवाई नहीं हुई। अब पुलिस की कार्रवाई के बाद उन्होंने पुलिस का आभार जताया है।
बताया जा रहा है कि रिभा लामा दार्जिलिंग के भाजपा विधायक नोमन राई की करीबी हैं। हालांकि, मानिक अरोड़ा ने इसे राजनीतिक मामला मानने से इनकार करते हुए कहा कि यह पूरी तरह पैसे की धोखाधड़ी का मामला है और शिकायत कानूनी तरीके से दर्ज कराई गई थी।
फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है और पुलिस रिमांड के दौरान धोखाधड़ी से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जाएगी।




