सिलीगुड़ी, 22 नवंबर (नि.सं.)। प्रधान नगर थाना अंतर्गत मल्लागुड़ी स्थित एनबीएसटीसी डिपो के सामने देर रात तेज रफ्तार चारपहिया वाहन ने इलेक्ट्रिक स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में स्कूटी चालक घायल हो गया, जबकि स्कूटी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार में दो युवतियों समेत चार लोग सवार थे। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि सभी शराब के नशे में थे। दुर्घटना के बाद कार से शराब की बोतलें भी मिलने का दावा किया गया है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
सूचना मिलते ही प्रधान नगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल भेजा। पुलिस ने कार चालक को हिरासत में लेने के साथ दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया है। मामले की जांच जारी है।



