सिलीगुड़ी, 27 नवंबर (नि.सं.)। सिलीगुड़ी के सेवक रोड पर फुटपाथ को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए एक बार फिर ट्रैफिक पुलिस ने अभियान चलाया है। शहर में ट्रैफिक जाम की समस्या को नियंत्रित करने और पैदल यात्रियों की आवाजाही सुचारू रखने के उद्देश्य से सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन पुलिस के पानीटंकी ट्रैफिक गार्ड की ओर से यह कार्रवाई की गई।
जानकारी के अनुसार, सेवक रोड के कई स्थानों पर फुटपाथ पर बाइक पार्क करने के साथ-साथ दुकानों का सामान भी रखा जा रहा था। इसके कारण पैदल चलने वालों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।
शुक्रवार को अभियान के दौरान पुलिस ने फुटपाथ पर रखी बाइकों और दुकानों के सामान को हटाने का निर्देश दिया। वहीं, अवैध रूप से फुटपाथ पर बाइक पार्क करने के आरोप में कई लोगों पर जुर्माना भी लगाया गया।
ट्रैफिक पुलिस की ओर से बताया गया है कि शहर की प्रमुख सड़कों को अतिक्रमण मुक्त रखने और यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए आने वाले दिनों में भी इस तरह का अभियान जारी रहेगा।




