सिलीगुड़ी, 13 जनवरी (नि.सं.)। सिलीगुड़ी में सब्जी की आड़ में शराब तस्करी का एक बड़ा मामला सामने आया है। खालपाड़ा चौकी पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक मालवाहक वाहन से लाखों रुपये की विदेशी शराब बरामद की है। हालांकि, कार्रवाई के दौरान वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, बीती देर रात सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन पुलिस की खालपाड़ा आउटपोस्ट टीम ने वर्धमान रोड पर सब्जी से लदे एक मालवाहक वाहन को संदेह के आधार पर रोका। वाहन की तलाशी लेने पर पुलिस ने आलू के बोरों के नीचे छिपाकर रखे गए विदेशी शराब के भारी मात्रा में कार्टन बरामद किए।
पुलिस ने वाहन से कुल दस कार्टन अवैध विदेशी शराब जब्त की है, जिसकी अनुमानित बाजार मूल्य कई लाख रुपये बताई जा रही है। बरामद शराब में अधिकांश शराब सिक्किम की बताई जा रही है, जिसे राजस्व चोरी करते हुए सिलीगुड़ी के रास्ते बिहार भेजने की तैयारी थी।
तलाशी के दौरान चालक पुलिस को चकमा देकर मौके से फरार हो गया। पुलिस वाहन के नंबर के आधार पर मालिक और फरार चालक की तलाश में जुट गई है। इसके साथ ही इस अवैध तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
फिलहाल खालपाड़ा चौकी पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
