नक्सलबाड़ी, 7 अप्रैल (नि.सं.)। खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में स्वर्ण पदक जीतने वाली नक्सलबाड़ी की बेटी संजीता उरांव को कांग्रेस उम्मीदवार अमिताभ सरकार ने सम्मानित किया। माटीगाड़ा-नक्सलबाड़ी विधानसभा क्षेत्र के उम्मीदवार अमिताभ सरकार ने हाथीघीसा के मौरीजोत गांव स्थित उनके घर जाकर उन्हें सम्मानित किया और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी।जानकारी के अनुसार, छत्तीसगढ़ में आयोजित खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में संजीता उरांव ने दस हजार मीटर दौड़ प्रतियोगिता में पहला स्थान हासिल कर गोल्ड मेडल जीता। उनकी इस उपलब्धि से पूरे इलाके में खुशी का माहौल है।इस दौरान कांग्रेस उम्मीदवार ने संजीता के घर की स्थिति देखकर विकास को लेकर प्रशासन की भूमिका पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं मिलनी चाहिए और उनके विकास के लिए ठोस कदम उठाने जरूरी है।
